अवैध कॉलोनियों पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का बड़ा एक्शन

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Big action by Ghaziabad Development Authority on illegal colonies IMAGE CREDIT TO AUTHORITY

—— मोदीनगर में 39 हजार वर्ग मीटर में फैली अवैध कॉलोनियां ध्वस्त, कॉलोनाइजरों में हड़कंप

आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)।

अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्राधिकरण की सख्त मुहिम लगातार जारी है। इसी क्रम में 07 जनवरी को प्रवर्तन जोन 02 की टीम ने मोदीनगर क्षेत्र के ग्राम याकूतपुर मवी और ग्राम ललितपुर तिबड़ा में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 39,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फैले अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया।

ग्राम याकूतपुर और ललितपुर में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण का खुलासा, लाखों वर्ग मीटर क्षेत्र प्रभावित

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/second-accused-arrested-in-rape-case-ghaziabad-news-c-198-1-gbd1023-14131-2026-01-07?src=top-subnav

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम याकूतपुर मवी, निवाड़ी रोड, दिव्य ज्योति कॉलेज के पास खसरा संख्या 35 में लगभग 17,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग एवं निर्माण कार्य किया जा रहा था। वहीं ग्राम ललितपुर तिबड़ा के खसरा संख्या 10 व 11 में करीब 22,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी, जहां मिट्टी भराव और प्लॉटिंग का कार्य चल रहा था।

कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कॉलोनाइजर कोई भी स्वीकृत ले आउट प्लान अथवा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने अवैध रूप से बनाई गई सड़कें, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस सहित अन्य संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया।

अवैध निर्माण ध्वस्त, विरोध के बीच भी प्राधिकरण और पुलिस ने कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/swadeshi-sankalp-to-the-people/

ध्वस्तीकरण के दौरान कुछ स्थानीय विकासकर्ताओं और निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल एवं स्थानीय पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित करते हुए कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।

प्रवर्तन टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को सख्त चेतावनी दी कि बिना अनुमति किए गए किसी भी निर्माण को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसी अवैध गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर/मेट, स्थानीय पुलिस बल एवं प्राधिकरण पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध कॉलोनाइजरों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम जनता को बिना स्वीकृति प्लॉट खरीदने से सावधान रहने की अपील की गई है।

Share This Article
Leave a comment