गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार) थाना बहादुरगढ़ पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस गिरोह के एक बाल अपचारी समेत कुल छह शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है, जो बंद मकानों, दुकानों और खेतों में लगे नलकूपों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी किया गया भारी मात्रा में सामान भी बरामद किया है, जिसमें पीली और सफेद धातु के आभूषण, फ्रिज, वाशिंग मशीन, इन्वर्टर बैटरी, एलईडी टेलीविजन तथा नलकूपों के स्टार्टर और मोटर शामिल हैं। इसके अलावा वारदातों में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक चोरी की स्कूटी भी पुलिस के हाथ लगी है।
शातिर अपराधियों का गिरोह पकड़ा गया, दिन में रेकी और रात में चोरी की रणनीति उजागर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/hpda-accelerates-property-data-digitization/
हापुड़ के अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्त बेहद शातिर किस्म के अपराधी हैं। ये लोग पहले बंद दुकानों, मकानों और खेतों में लगे नलकूपों की रेकी करते थे और फिर मौका पाकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे। गिरोह की कार्यप्रणाली यह थी कि दिन में इलाके की गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी और रात के समय सुनसान होने पर ताले तोड़कर या दरवाजे उखाड़कर अंदर घुसते थे। चोरी के बाद तुरंत स्थान बदल लेते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों ने जनपद हापुड़ के बहादुरगढ़, गढ़मुक्तेश्वर, सिंभावली और बाबूगढ़ थाना क्षेत्रों में करीब आधा दर्जन से अधिक चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। इन सभी घटनाओं के संबंध में संबंधित थानों में पहले से ही मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की तलाश थी, क्योंकि इनकी वजह से ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ था।
छह शातिर आरोपियों का पर्दाफाश, चोरी का भारी माल बरामद; पुलिस ने की बड़ी सफलता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/mla-inspected-the-janata-inter-college-ground/
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए खेड़ा तिराहे से करीमपुर की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर सभी छह आरोपियों को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी किए गए सामान को छिपाने के स्थानों की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलग अलग थाना क्षेत्रों से चोरी का माल बरामद किया। बरामद सामान में घरेलू उपयोग की महंगी वस्तुएं होने के कारण पुलिस इसे बड़ी रिकवरी मान रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह का एक सदस्य नाबालिग है, जिसे बाल अपचारी घोषित करते हुए किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा, जबकि अन्य पांच अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। थाना बहादुरगढ़ पर गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इस गिरोह के तार अन्य जिलों की चोरी की घटनाओं से तो नहीं जुड़े हैं।
