ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। शहर की स्वच्छता मुहिम को और मजबूती देने के उद्देश्य से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने रिहायशी व गैर रिहायशी संस्थाओं के लिए स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता आयोजित की है। इस प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रारंभिक अंतिम तिथि 9 जनवरी थी, जिसे अब बढ़ाकर 31 जनवरी 2026 कर दिया गया है।
प्रतियोगिता में टॉप 5 को मिलेगा पुरस्कार—रिहायशी और गैर-रिहायशी दोनों कर सकते हैं आवेदन, विजेताओं का सम्मान पुष्प प्रदर्शनी में
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले पांच आवेदकों को पुरस्कृत किया जाएगा। रिहायशी सोसाइटियों के साथ साथ गैर रिहायशी संस्थाएं भी इस प्रतियोगिता में आवेदन कर सकती हैं। विजेताओं को 26 फरवरी से 1 मार्च तक प्रस्तावित पुष्प प्रदर्शनी के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 लागू हैं, जिसके तहत बल्क वेस्ट जेनरेटर अपने कूड़े का निस्तारण स्वयं करते हैं। प्राधिकरण केवल री सायकिल न हो सकने वाले अवशिष्ट कचरे का निस्तारण करता है। अधिकतर सोसाइटियां इस श्रेणी में आती हैं।
रिहायशी-गैर रिहायशी संस्थाएं ऑनलाइन कर सकती हैं आवेदन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/authority-cracks-down-on-illegal-construction/
इस वर्ष भी प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग ने सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देशानुसार बल्क वेस्ट जेनरेटरों के लिए स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। रिहायशी और गैर रिहायशी संस्थाएं 26 दिसंबर 2025 से ऑनलाइन आवेदन कर रही हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कई पैरामीटर तय किए गए हैं, जिनकी विस्तृत जानकारी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की वेबसाइट https://Gnida.up.gov.in पर उपलब्ध है।
प्रतियोगिता के पुरस्कारों की राशि भी निर्धारित की गई है। रिहायशी और गैर रिहायशी दोनों श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये, द्वितीय को 75 हजार रुपये, तृतीय को 50 हजार रुपये और दोनों श्रेणियों के दो-दो सफल आवेदकों को 25-25 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने सभी सोसाइटियों और संस्थाओं से इस स्वच्छता रैंकिंग प्रतियोगिता में बढ़ चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि शहर की स्वच्छता मुहिम को और गति दी जा सके।
