हापुड़ (शिखर समाचार) पिलखुवा क्षेत्र में मुनीम से हुई 85 लाख रुपये की सनसनीखेज लूटकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए एक और आरोपी को पकड़ लिया है। पूछताछ और रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जे से नकदी, मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
हत्याकांड में पुलिस ने धर दबोचे तीन आरोपी, मिली ठोस तकनीकी साक्ष्यों की पुष्टि
पुलिस के अनुसार गौतमबुद्धनगर जिले के दादरी थाना क्षेत्र के दादूपुर खटाना गांव निवासी अजयपाल घी-तेल कारोबारी गोपाल गोयल के यहां मुनीम का काम करता है। 15 दिसंबर को वह हापुड़ में दो अलग अलग व्यापारियों से भुगतान की रकम लेकर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था। एक व्यापारी से 55 लाख और दूसरे से 30 लाख रुपये वसूल कर वह गाजियाबाद की ओर जा रहा था।
बताया गया कि जैसे ही वह सरस्वती अस्पताल के पास बने उड़ानपुल पर पहुंचा, तभी पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर धमकाया और रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि जांच के दौरान सिम्भावली निवासी रिहान को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से 35 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पहले की कार्रवाई में अन्य आरोपियों से करीब पांच लाख रुपये, मोटरसाइकिल और तमंचा भी बरामद किया जा चुका है। गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
