निर्वाचक सूची पुनरीक्षण पर प्रशासन पूरी तरह सतर्क, प्रगति की गहन समीक्षा

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
Administration fully alert on electoral list revision, in-depth review of progress IMAGE CREDIT TO INFORMATION DEPARTMENT

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य को प्रशासन ने सर्वोच्च प्राथमिकता पर ले लिया है। अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 को आधार मानकर चल रहे इस महत्वपूर्ण अभियान की प्रगति की समीक्षा हेतु अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी गौतमबुद्धनगर अतुल कुमार की अध्यक्षता में ग्रेटर नोएडा स्थित आईआईएमटी नॉलेज पार्क के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

मतदाता सूची अद्यतन अभियान: 4 नवंबर से 26 दिसंबर 2025 तक घर-घर जाकर प्राप्त किए जाएंगे गणना प्रपत्र

ALSO READ:https://www.livehindustan.com/ncr/schools-in-ghaziabad-have-been-permitted-to-conduct-classes-physically-201765984875011.html

बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार चार नवंबर 2025 से छब्बीस दिसंबर 2025 तक बूथ लेवल अधिकारी घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं। प्राप्त प्रपत्रों का संकलन कर उनका अंकीकरण एवं मानचित्रण का कार्य निरंतर किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ना, मृतक अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाना और नाम व पते में सुधार जैसे कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। साथ ही अनुपस्थित, स्थानांतरित एवं मृतक मतदाताओं की सूची की पुनः समीक्षा कर नामावलियों को अद्यतन किया जा रहा है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्वाचक सूचियों में पाई जाने वाली तार्किक विसंगतियों एवं अनुपस्थित संबंधी विसंगतियों को पूरी तरह समाप्त करने के निर्देश देते हुए कहा कि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा पर्यवेक्षक आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विसंगतियों का आवंटन इस प्रकार किया जाए, जिससे समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से उनका पूर्ण समाधान सुनिश्चित हो सके।

बूथ दिवस की तैयारी: आगामी शनिवार-रविवार को मतदान सूची के दावे और आपत्तियों का समाधान

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/district-level-banking-coordination/

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आगामी शनिवार एवं रविवार को पुनः बूथ दिवस आयोजित किया जाएगा। इस दौरान सभी बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने बूथ पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का विधिवत परीक्षण कर समयसीमा के भीतर उनका निस्तारण किया जाएगा।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने दो टूक शब्दों में कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। बूथ लेवल अधिकारियों के कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और यदि कहीं शिथिलता पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए आपसी तालमेल के साथ कार्य किया जाए। अंत में यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पूर्ण हों, ताकि जनपद की निर्वाचक नामावलियां पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और विश्वसनीय रूप में तैयार की जा सकें।

Share This Article
Leave a comment