ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ग्रेटर नोएडा इकाई ने युवाओं के नेतृत्व, तर्कशक्ति और राष्ट्र दृष्टिकोण को प्रखर करने के उद्देश्य से “प्रोफेसर यशवंत राव केलकर भारतीय युवा संसद” का शानदार आयोजन किया। यह आयोजन युवा ऊर्जा, विचार और विमर्श का अनोखा संगम साबित हुआ। जनपद गौतमबुद्धनगर के विभिन्न कॉलेजों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इसमें शामिल हुए और संसदीय कार्यप्रणाली का सजीव अनुभव किया।
अतिथियों की सराहना: एबीवीपी के मंच से भविष्य के नेताओं को दिशा देने का संकल्प
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व बार काउंसिल अध्यक्ष सुशील भाटी ने कार्यक्रम में भाग लिया। दोनों अतिथियों ने छात्र-छात्राओं के आत्मविश्वास और प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि एबीवीपी ऐसे आयोजनों के माध्यम से भविष्य के नेतृत्व को सही दिशा दे रही है।
युवा संसद के दौरान प्रतिभागियों ने संसदीय वातावरण का जीवंत चित्र प्रस्तुत किया। सत्ता और विपक्ष की भूमिकाओं में छात्र पूरी निष्ठा से उतर गए। बहस का विषय “ऑनलाइन गेमिंग बिल” रखा गया, जिस पर प्रतिभागियों ने तथ्यपूर्ण और सशक्त तर्कों के साथ चर्चा की। किसी ने बिल का समर्थन किया तो किसी ने इसके सामाजिक प्रभावों पर प्रश्न उठाए, जिससे पूरा सत्र बेहद प्रभावशाली और शिक्षाप्रद बन गया।
प्रतिभाओं का सम्मान: उत्कृष्ट प्रतियोगियों को उनके अद्वितीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/young-man-shot-dead-in-village-sikri-police/
प्रतियोगिता के अंत में निर्णायक मंडल ने तीन उत्कृष्ट प्रतिभागियों को सम्मानित किया जिसमें प्रथम स्थान : लावण्या कौर (लॉयड लॉ कॉलेज), भूमिका: के.सी. वेणुगोपाल। द्वितीय स्थान : ओशिन बिश्नोई (लॉयड इंजीनियरिंग कॉलेज), भूमिका: अर्जुन राम मेघवाल। तृतीय स्थान : रुद्राक्ष शुक्ला (सिम्बायोसिस कॉलेज), भूमिका: गौरव गोगोई प्रमुख रहे।
एबीवीपी के प्रांत मंत्री गौरव गौड़ ने कहा कि इस प्रकार की युवा संसदें विद्यार्थियों को न केवल तर्कशील बनाती हैं, बल्कि उनमें नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भी जगाती हैं। उन्होंने कहा कि एबीवीपी सदैव प्रयासरत रहती है कि विद्यार्थी केवल पढ़ाई तक सीमित न रहें, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति भी सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम की सफलता में ग्रेटर नोएडा नगर इकाई के कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही। आयोजन समिति के सदस्यों ने पूरे समर्पण और टीम भावना के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन, उत्साह और राष्ट्रीय भावना की झलक स्पष्ट दिखाई दी। यह युवा संसद आने वाले समय में युवाओं के वैचारिक विकास और नेतृत्व निर्माण का एक सशक्त उदाहरण बनकर उभरी।
