बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने किया प्रदर्शन

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
Aam Aadmi Party demonstrated against the atrocities on Hindus in Bangladesh IMAGE CREDIT TO Aam Aadmi Party

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे हमले, मंदिरों में तोड़फोड़, महिलाओं और बच्चों के साथ हो रही अमानवीय बर्बरता तथा भय के माहौल में कराए जा रहे जबरन पलायन के विरोध में रविवार को आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। गाजियाबाद के घंटाघर शहीद स्थल पर भी आम आदमी पार्टी ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बांग्लादेश में हिंदुओं को सुरक्षित रखने की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने नारा लगाया कि हिंदुओं के खून पर खामोशी अब स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रदर्शन के बाद उन्होंने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा।जिलाध्यक्ष निमित यादव ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं का कत्लेआम हो रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंख मूंदकर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ विदेश नीति की विफलता नहीं, बल्कि मानवता के खिलाफ अपराध है। प्रदेश प्रवक्ता तरूणिमा श्रीवास्तव ने कहा कि जब एक ओर हिंदू मंदिर जलाए जा रहे हैं और निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं, तब दूसरी ओर भारत सरकार का मौन रहना नैतिक पतन का प्रतीक है। यदि अब भी केंद्र सरकार ने कठोर और निर्णायक कदम नहीं उठाए, तो आम आदमी पार्टी इस आंदोलन को व्यापक और उग्र रूप देगी। जिला महासचिव शैलेश कुमार ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे खूनखराबे, मंदिरों के विध्वंस और महिलाओं-बच्चों पर जारी बर्बरता के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की चुप्पी कोई भूल नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश है। उन्होंने कहा कि यह चुप्पी अडानी के हजारों करोड़ रुपये के बिजली कारोबार की कीमत पर खरीदी गई है। जिस बांग्लादेश में हिंदुओं को चुन-चुनकर मारा जा रहा है, उसी बांग्लादेश को झारखंड से हिंदुस्तान की बिजली अडानी के जरिए सप्लाई की जा रही है और मुनाफे की गंगा बह रही है। प्रधानमंत्री जानते हैं कि अगर उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ एक शब्द भी बोला, तो उनके दोस्त का धंधा बंद हो जाएगा और अरबों रुपये का भुगतान रुक जाएगा। इसी डर से हिंदुओं का खून बहता देखना मंजूर है, लेकिन बोलना मंजूर नहीं। आप प्रवक्ता मीडिया प्रभारी अधिवक्ता मनोज त्यागी ने केंद्र सरकार से अपील करते कहा कि प्रधानमंत्री को देश की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ खुलकर बोलना ही पड़ेगा और सख्त से सख्त फैसला लेना पड़ेगा, क्योंकि अब यह चुप्पी कमजोरी नहीं, सीधे-सीधे अपराध में भागीदारी बन चुकी है। प्रदर्शन में प्रवक्ता तरूणिमा श्रीवास्तव, शिल्पी सचान, जिला महासचिव शैलेश कुमार, विधानसभा अध्यक्ष मुकेश प्रजापति, आप प्रवक्ता अधिवक्ता मनोज प्रकाश त्यागी, लोनी विधानसभा अध्यक्ष वसी अहमद, कुशल गोयत, सिराजुद्दीन फारूकी, डॉ. आदित्य, रवीश सिसोदिया, प्रशांत गुप्ता, एस पी सिसोदिया, रवि त्रिपाठी, सोढ़ी सिंह, भवरी, बृज बहादुर, श्यामसुंदर त्यागी, लोकेश प्रजापति, वीरेंद्र दत्त, कृष्ण झा, सचिन गोयल, गौरव शर्मा, अनुज शर्मा, विकास बरोलिया, प्रशांत गुप्ता आदि उपस्थिति रहे।

Share This Article
Leave a comment