हापुड़ (शिखर समाचार)
थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के मोहल्ला तगाराय में आधी रात को अचानक लगी आग ने पूरे इलाके में अफरातफरी मचा दी। हाजी आज़ाद के कबाड़ और रद्दी से भरे गोदाम से अचानक उठती लपटों और गहरे धुएं ने आसमान को ढक लिया। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया और अंदर रखा लाखों रुपये का माल पलभर में स्वाहा हो गया।
गोदाम में लगी आग पर घंटों मशक्कत के बाद पाया नियंत्रण, स्थानीय लोग और दमकल ने मिलकर रोकी लपटें
आग लगते ही आसपास के लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मोहल्ले के लोग बाल्टियों और पाइपों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश में जुट गए, लेकिन लपटें लगातार बढ़ती चली गईं। लोगों ने गोदाम का ताला तोड़कर अंदर घुसने की भी कोशिश की, मगर आग की तपिश के आगे किसी की हिम्मत नहीं चली। जल्द ही सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना की जानकारी पाकर एडीएम संदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर सतर्क रहने और नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन गोदाम में रखी भारी मात्रा में रद्दी, कबाड़ और कागज़ पूरी तरह जलकर राख हो गया।

चीफ फायर ऑफिसर अजय शर्मा ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का संभावित कारण किसी उड़ते पतंगे या चिंगारी को माना जा रहा है। फिलहाल, घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। इलाके के लोगों का कहना है कि देर रात अचानक उठी आग की लपटों ने सबको डरा दिया और जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची, तब तक सब कुछ राख हो चुका था। घटना के बाद से मोहल्ले में दहशत का माहौल बना हुआ है।
