जेवर (शिखर समाचार)।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के विस्तार के चलते चल रही भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया के बीच अवैध निर्माण का खतरनाक खेल सामने आया है। अधिक मुआवजा पाने की लालच में बनाए जा रहे घटिया मकानों का सच उस समय उजागर हुआ जब नीमका गांव में बन रहा एक दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया।
अवैध निर्माण और दुर्घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विषमपाल के खेत में एक ठेकेदार द्वारा अवैध रूप से दो मंजिला मकान का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था। रविवार को जैसे ही दूसरी मंजिल का लेंटर पूरा हुआ और मजदूर वहां से हटे, तभी पूरी इमारत अचानक ढह गई।
राहत और बचाव
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
तेज धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। गनीमत रही कि हादसे से कुछ देर पहले ही मजदूर वहां से निकल चुके थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय हालात और प्रशासनिक चुनौतियां
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
स्थानीय लोगों के अनुसार, ठेकेदार खुद को विधायक का करीबी बताकर इस तरह के अवैध निर्माण करा रहा था। क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण का अधिक लाभ लेने के लिए सैकड़ों अवैध मकान बनाए जा रहे हैं, जिनमें सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी हो रही है। इससे पहले भी कई मकान गिर चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है, बावजूद इसके प्रशासन की कार्रवाई केवल हादसों के बाद ही नजर आती है।
