बिजनौर (शिखर समाचार)। बसौड़ा पर्व के अवसर पर मां चामुंडा धाम के समीप स्थित शीतला माता मंदिर में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस भव्य मेले में बिजनौर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माता शीतला के दर्शन कर पूजा अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
श्रद्धालुओं ने ठंडे पकवानों का भोग अर्पित किया
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बसौड़ा के दिन श्रद्धालु माता शीतला को ठंडे पकवानों का भोग लगाते हैं। इसी परंपरा का पालन करते हुए भक्तों ने माता को पूड़ी, कचौड़ी, हलवा और अन्य ठंडे पकवान अर्पित किए। सुबह से ही मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा वातावरण माता के जयकारों से गुंजायमान रहा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा भाव से माता की प्रतिमा पर जल अर्पित किया और अपनी मन्नतें मांगी।
मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और मेला प्रबंधन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिसकर्मी पूरे समय मंदिर परिसर और मेले के आसपास तैनात रहे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
सुरक्षा और सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/in-the-cough-syrup-case-ghaziabad-police/
इस बार मेला प्रबंधन समिति द्वारा चार पहिया वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई थी। पार्किंग स्थल सुव्यवस्थित होने के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में काफी सुविधा मिली। बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं ने मेला समिति और प्रशासन की सराहना की।
मेले में धार्मिक आस्था के साथ-साथ मनोरंजन का भी माहौल देखने को मिला। बच्चों और युवाओं ने मेले में लगी खिलौनों की दुकानों से खरीदारी की, जबकि लोगों ने विभिन्न प्रकार के व्यंजनों, चाट-पकौड़ों और मिठाइयों का स्वाद लिया। दिनभर मंदिर और मेला परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा और देर शाम तक श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहा।
