बिजनौर (शिखर समाचार) नजीबाबाद क्षेत्र में सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। रायपुर मार्ग पर रेलवे समपार संख्या 480 के निकट गढ़मलपुर में बने फ्लाईओवर पुल की संरचना से जुड़ा एक खंभा टूटकर पुल के समानांतर गुजर रही ग्यारह हजार वोल्ट की उच्च क्षमता वाली विद्युत लाइन के बेहद करीब पहुंच गया है। इस स्थिति में किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
आदर्श नगर निवासी आरटीआई कार्यकर्ता मनोज शर्मा ने इस गंभीर समस्या को लेकर पूर्व में उत्तर प्रदेश सरकार को शिकायत भेजी थी। शिकायत में बताया गया कि क्षतिग्रस्त खंभा विद्युत लाइन को छूने की स्थिति में आ गया है, जिससे फ्लाईओवर पुल के एंगल हिस्से में करंट फैलने का खतरा बना हुआ है। यदि समय रहते खंभे की मरम्मत या सुधार नहीं कराया गया तो राहगीरों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के साथ किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
जनहित से जुड़ी इस शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत विभाग ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि सड़क किनारे लगे खंभों और स्ट्रीट लाइट की स्थापना व मरम्मत का दायित्व नगर पालिका अथवा ग्राम पंचायत का होता है, विद्युत विभाग का नहीं। हालांकि हैरानी की बात यह है कि विद्युत विभाग ने न तो नगर पालिका को और न ही संबंधित ग्राम पंचायत को इस खतरे से अवगत कराते हुए कोई पत्राचार किया।

नतीजतन समस्या जस की तस बनी हुई है और टूटे खंभे व उच्च क्षमता विद्युत लाइन के बीच बना यह खतरनाक फासला लगातार आम लोगों की जान पर बनकर मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभागीय उदासीनता के चलते यदि कोई दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। अब देखना यह है कि प्रशासन और संबंधित विभाग कब जागते हैं और संभावित हादसे से पहले इस गंभीर खतरे को दूर किया जाता है या नहीं।
