ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सेक्टर अल्फा 2 से सफाई मित्र सार्थक पहल अभियान का शुभारंभ किया गया। यह अभियान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अनुभूति व फीडबैक फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। अभियान की शुरुआत प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा ने की।
अभियान में जनजागरूकता और कचरा प्रबंधन
अभियान के तहत निवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया और प्लॉगिंग ड्राइव चलाकर सार्वजनिक स्थानों से कचरा एकत्रित किया गया। तीन घंटे चले इस अभियान में लगभग 500 किलोग्राम कचरा जमा किया गया, जिसे अलग-अलग कर प्रोसेसिंग प्लांट भेजा गया। इस पहल के अंतर्गत सफाईकर्मियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। शहर में विभिन्न स्थानों पर बॉटल कलेक्टर लगाए जाएंगे, ई-रिक्शा के माध्यम से जागरूकता फैलाने का काम होगा और एमआरएफ सेंटर की क्षमता बढ़ाने पर भी जोर दिया जाएगा।
अधिकारियों और प्रतिनिधियों का संदेश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/corporation-officials-hold-joint-meeting/
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संदीप चंद्रा ने कहा कि गीले और सूखे कचरे का सही प्रबंधन घर से ही शुरू होता है। हर नागरिक को कचरे का पृथक्करण कर वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण करना चाहिए। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी से स्वच्छता बढ़ाना और सफाई मित्रों के योगदान को सम्मान देना है।
आईटेल इंडिया के सीईओ अरिजीत तलपत्रा ने कहा कि यह पहल समाज के प्रति कंपनी की जिम्मेदारी और देश को सशक्त बनाने के प्रयासों का प्रतीक है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, आरडब्ल्यूए पदाधिकारी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
