गाजियाबाद (शिखर समाचार)। बीती 20 अक्टूबर 2025 को जुआ खेलने को लेकर 22 वर्षीय युवक आशु की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। थाना लोनी बॉर्डर पुलिस ने आशु की हत्या का खुलासा करते हुए 3 अभियुक्त प्रशांत, हीरा व सचिन को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 2 तमंचा 315 बोर, 2 जिन्दा कारतूस 315 बोर, एक खोखा कारतूस 315 बोर, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल व एक स्कूटी बरामद की। खास बात यह है कि हत्या के आरोप में विकास अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगी हुई है।एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि थाना लोनी बॉर्डर पर माही वाटिका निवासी बादल कुमार ने अपने पुत्र आशु की हत्या के संबंध में नामजद मुकदमा दर्ज करवाया था। आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए टीमों का गठन किया गया। उन्होंने बताया कि आशु की हत्या के संबंध में 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है और 1 अभियुक्त अभी फरार है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूछताछ में अभियुक्त प्रशांत ने बताया कि वह पहले माही वाटिका में ही रहता था और उसकी ससुराल माहि वाटिका के पास है। दिवाली के दिन वह अपनी पत्नी को लेने के लिए अपनी ससुराल आया था और अपने दोस्तों के साथ मिलकर रात लगभग 9 बजे पटाखे फोड़ने के लिए कॉलोनी के खाली प्लॉट में गया था। प्लॉट में वहां कुछ लोग ताश का जुआ खेल रहे थे। जब उसने भी उनके साथ जुआ खेलने चाहा तो आशु ने विरोध करना शुरू कर दिया, गुस्से में आकर आशु के पेट में गोली मार दी और उसे घायल अवस्था में वही छोड़कर मौके से फरार हो गए।
