गाजियाबाद (शिखर समाचार)। विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय ने ब्लॉक लेवल अधिकारियों बीएलओ को गणना प्रपत्र वितरित किए। यह कार्यक्रम अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर मतदाता सूची के अद्यतन हेतु संचालित किया जा रहा है। सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. उपाध्याय ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार 4 नवम्बर 2025 से 4 दिसम्बर 2025 तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण करेंगे तथा पात्र नागरिकों से आवश्यक विवरण प्राप्त करेंगे। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देशित किया कि वह क्षेत्र में भ्रमण कर प्रत्येक घर तक पहुंच सुनिश्चित करें और पारदर्शिता के साथ कार्य संपन्न करें। उन्होंने कहा कि यह कार्य निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता से जुड़ा हुआ है, अतः प्रत्येक अधिकारी पूरी जिम्मेदारी से अपनी भूमिका निभाए। सिटी मजिस्ट्रेट ने यह भी निर्देश दिए कि प्रतिदिन की कार्यवाही का फोटो एवं वीडियो प्रमाण जिला निर्वाचन कार्यालय में उपलब्ध कराया जाए तथा जनसामान्य को जागरूक करने हेतु संबंधित जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की जाए। सभी ने संयुक्त रूप से यह संकल्प लिया कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूर्ण किया जाएगा।
