ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21 में अभूतपूर्व उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पुलिस आयुक्तालय गौतम बुद्ध नगर की ओर से आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लेकर एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया।
युवा पीढ़ी को सरदार पटेल से प्रेरणा लेकर अपनाने होंगे समर्पण और एकता के मूल सिद्धांत
कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने राष्ट्रीय एकता और अखंडता की शपथ दिलाकर की। मंच पर जिलाधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्कूली छात्र-छात्राएँ, खिलाड़ी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। सभी ने देश की एकता और सद्भाव बनाए रखने का संकल्प लिया।
मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व डीजीपी उत्तर प्रदेश प्रकाश सिंह, कवि डॉ. कुमार विश्वास, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर भुवनेश्वर कुमार, कॉमेडियन अमित भड़ाना, मिसेज यूनिवर्स 2025 शेरी सिंह, गायक ग्रीक अमन, पैरा एथलीट योगेश खतुनिया और साक्षी कसाना, क्रिकेटर स्वास्तिक चिकारा, कबड्डी खिलाड़ी राहुल चौधरी, बॉक्सिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के सचिव प्रमोद कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. मनीष चौधरी, स्पोर्ट्स पर्सन अभय प्रताप सिंह, फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. विपिन कुमार और कवि शंभू शिखर एवं विनोद मौजूद रहे।
‘रन फॉर यूनिटी’ की शुरुआत: हरी झंडी के साथ गुब्बारे छोड़कर दौड़ का जोशपूर्ण आगाज़
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/ghaziabad-police-organized-a-program/
पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। तत्पश्चात रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़ते हुए रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। दौड़ में पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी, छात्र, खिलाड़ी, स्वयंसेवी संगठन, औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि और नागरिकों ने जोश से भाग लिया।
दौड़ के दौरान प्रतिभागियों ने भारत माता के जयघोष और देशभक्ति नारों से माहौल को ऊर्जावान बना दिया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगे झंडे लहराकर धावकों का स्वागत किया। पूरे स्टेडियम में एकता और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
सरदार पटेल से प्रेरणा: युवा पीढ़ी को अपनानी होगी राष्ट्रभक्ति और एकता की राह
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/following-the-supreme-courts-order/
कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र के प्रति समर्पण, सहयोग और सद्भाव की भावना को अपनाना चाहिए। जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा कि भारत की असली शक्ति उसकी एकता और अखंडता में निहित है। सरदार पटेल ने अपने दूरदर्शी नेतृत्व से जिस तरह रियासतों को जोड़कर एक भारत का निर्माण किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए मिसाल है।
रन फॉर यूनिटी के समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में एक बार फिर सभी ने मिलकर अखंड भारत, एकता और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का संकल्प दोहराया। पूरे आयोजन ने यह संदेश दिया कि जब देशवासी एक दिशा में सोचते और चलते हैं, तो भारत की शक्ति को कोई नहीं रोक सकता।

