—– गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर ज़ोर नागरिकों को जल्द मिलेंगी बेहतर सुविधाएं
गाजियाबाद(शिखर समाचार)।
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कलाल ने आज इंदिरापुरम विस्तार योजना और एलिवेटेड रोड पर कनावनी पुलिया के निकट निर्माणाधीन स्लिप रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान सचिव राजेश कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन सहित वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
उपाध्यक्ष ने दी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा की कड़ी हिदायत
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और स्थल पर उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि जनता को जल्द राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की सभी परियोजनाएं शहर के समग्र विकास और जनसुविधा को ध्यान में रखकर संचालित की जा रही हैं। किसी भी परियोजना में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और सभी कार्यों में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
उपाध्यक्ष ने अधोसंरचना और यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा कर सुधारात्मक सुझाव दिए
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/ghaziabad-police-organized-a-program/
निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने योजनाओं के अंतर्गत विकसित की जा रही अधोसंरचना, सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक सुधारात्मक सुझाव भी दिए।
उल्लेखनीय है कि उपाध्यक्ष ने बीती शाम प्राधिकरण कार्यालय का भी निरीक्षण किया था, जहां उन्होंने विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली का अवलोकन करते हुए कर्मचारियों को कार्य में और अधिक दक्षता लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव राजेश कुमार सिंह, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
