नई दिल्ली (शिखर समाचार)
राजधानी दिल्ली स्थित तीन मूर्ति-हाइफ़ा चौक पर सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच (RSJM) के तत्वावधान में हाइफ़ा विजय दिवस मनाया गया। इस मौके पर शहीदों की स्मृति में श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और भारत-इज़राइल की ऐतिहासिक मित्रता को याद किया गया।
डॉ. इंद्रेश कुमार का संदेश: आत्मनिर्भर भारत, विश्वगुरु और शांति का प्रतीक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं मंच के संरक्षक डॉ. इंद्रेश कुमार ने कहा कि आज का भारत आत्मनिर्भर और सशक्त राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने खड़ा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत कभी किसी दबाव में झुकने वाला देश नहीं था और न ही आगे झुकेगा। उनके अनुसार भारत विश्वगुरु था, है और आगे भी रहेगा। कोई भी महाशक्ति भारत पर अपनी इच्छा थोप नहीं सकती। भारत शांति का प्रतीक है और समूचे विश्व को विकास व सहयोग का संदेश देता रहा है।”
भारत-इज़राइल रिश्तों पर प्रकाश डालते हुए डॉ. इंद्रेश ने कहा कि जब भारत स्वतंत्रता के संघर्ष में व्यस्त था, तब भारतीय सैनिकों ने इज़राइल की मुक्ति में भी अहम योगदान दिया था। उन्होंने इस मित्रता को अटूट बताते हुए कहा कि यह संबंध समय के साथ और प्रगाढ़ हुए हैं। मंच से उन्होंने नवरात्रि पर्व और जीएसटी में कमी की खुशी पर देशवासियों को शुभकामनाएँ भी दीं।
भारत-इज़राइल रिश्तों की मिसाल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/mission-shakti-5-0-mandal-level-meeting/
इस अवसर पर भारत में इज़राइल के डिप्टी चीफ़ ऑफ़ मिशन फारेस साएब ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और कहा कि भारत-इज़राइल के रिश्ते अडिग हैं और इन्हें कोई शक्ति कमजोर नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि इज़राइल विश्व में शांति का पक्षधर है और इस दिशा में भारत उसका सबसे मज़बूत सहयोगी है।
राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जसबीर सिंह ने कहा कि यह आयोजन वर्षों से शहीदों के बलिदान और भारत-इज़राइल संबंधों की स्मृति को जीवंत बनाए रखने का प्रतीक रहा है। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन मेजर जनरल सुरेश भट्टाचार्य ने किया।
गणमान्य हस्तियों ने बढ़ाई समारोह की शोभा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/womens-safety-traffic-police-introduce/
इस मौके पर एनडीएमसी अधिकारियों के साथ मंच के दिल्ली चैप्टर से राजेश महाजन, एडवोकेट अभय तायल और एडवोकेट राजीव रंजन समेत अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। प्रो. शिवाजी सरकार, एडवोकेट परवेश खन्ना, एडवोकेट अरुण कुमार, एडवोकेट बिरेन्द्र कुमार चौधरी, राजपाल सिंह, डॉ. विवेक, डॉ. छतर सिंह, जेएनयू की डॉ. पूजा और मयंक शेखर भी समारोह में मौजूद थे।
कार्यक्रम के सांस्कृतिक हिस्से में ले रिद्म समूह के कलाकारों ने राजीव मुखोपाध्याय और मुनमुन विश्वास के नेतृत्व में मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं दिल्ली विश्वविद्यालय और जामिया मिल्लिया इस्लामिया के एनसीसी कैडेट्स ने परेड द्वारा अतिथियों का स्वागत किया। मंच संचालन वैशाली भाटिया और यशश्वी सिंह ने संभाला।

