ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शहरवासियों के लिए एक बड़ी सौगात की तैयारी कर ली है। प्राधिकरण द्वारा 16 सेक्टरों और गांवों में आधुनिक सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे सामाजिक और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए लोगों को बेहतर स्थान मिल सकेगा। इस योजना के तहत 12 स्थानों पर सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है जबकि बाकी 4 स्थानों पर कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
परियोजना ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO एन. जी. रवि कुमार की पहल पर शुरू की गईhttps://rashtriyashikhar.com/pm-modi-meets-trinidadian-singer-rana-mohip/
यह पूरी परियोजना ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO एन. जी. रवि कुमार की पहल पर शुरू की गई है, जिन्होंने परियोजना विभाग को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य तेजी से और तय समयसीमा में पूरा किया जाए ताकि लोगों को जल्द सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। सामुदायिक केंद्र ओमीक्रॉन वन ए, ज्यू वन, ज्यू टू, ज्यू थ्री, ईटा वन, जीटा वन, डेल्टा थ्री, सेक्टर 37, सेक्टर 36, पाई वन, स्वर्ण नगरी और चिपियाना बुजुर्ग में बनाए जा रहे हैं, जबकि सेक्टर-3, सिरसा, डाढ़ा और लुक्सर में भी सामुदायिक केंद्रों का निर्माण जल्द शुरू किया जाएगा। इन केंद्रों का निर्माण दो मंजिला ढांचे में हो रहा है जिसमें भूतल पर लॉबी, पार्टी हॉल, किचन, स्टोर, एक कमरा तथा महिला व पुरुष शौचालय की व्यवस्था होगी, वहीं प्रथम तल पर लॉबी, लाइब्रेरी और टॉयलेट की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक सामुदायिक केंद्र में लगभग 50 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इन सभी निर्माण कार्यों पर लगभग 25 करोड़ रुपये का खर्च अनुमानित है। प्राधिकरण ने यह भी निर्णय लिया है कि जहां सामुदायिक केंद्र पहले से हैं लेकिन जर्जर अवस्था में हैं, वहां उनकी मरम्मत कराई जाएगी ताकि सेक्टरवासियों और ग्रामीणों को किसी आयोजन के लिए बाहर भटकना न पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
