हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। गंगा नहर बंदी की अवधि का अधिकतम उपयोग करते हुए घाटों के निर्माण और अनुरक्षण सहित कुंभ क्षेत्र के मुख्य हिस्सों में चल रहे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को मेला नियंत्रण भवन के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा की और सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।
गंगा नहर बंदी के दौरान घाटों के निर्माण कार्यों में तेजी
मेलाधिकारी ने कहा कि कुंभ क्षेत्र के मुख्य हिस्सों में चल रहे कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। निर्माण की गति बनाए रखने के साथ गुणवत्ता और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने उत्तराखंड अवस्थापना विकास एवं निवेश बोर्ड (यूआईआईडीबी) की हरकी पैड़ी और रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों के साथ हरकी पैड़ी, मालवीय द्वीप और सुभाष घाट पर निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों को गंगा नहर बंदी के दौरान तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाटों पर कार्य दिन-रात संचालित किए जाएं और श्रमिकों, मशीनों तथा अन्य जरूरी संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सोनिका ने मेला प्रशासन और संबंधित कार्यदायी संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारियों को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करने को कहा। जिला स्तर पर नियुक्त अधिकारियों के साथ तृतीय पक्ष गुणवत्ता जांच एजेंसी को भी लगातार निरीक्षण और परीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे।
आई ट्रिपल-सी और सड़क-पुल निर्माण कार्यों को प्राथमिकता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने एकीकृत कमान एवं नियंत्रण केंद्र (आई ट्रिपल-सी) के लिए भूमिगत केबल बिछाने के कार्यों को भी नहर बंदी की अवधि में प्राथमिकता से पूरा करने पर जोर दिया। इसके अलावा सड़कों और पुलों से संबंधित निर्माण कार्यों में तेजी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों या संसाधनों की कमी से किसी भी कार्य की गति प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
मेलाधिकारी ने स्थायी निर्माण कार्यों के साथ अस्थायी व्यवस्थाओं और आई ट्रिपल-सी से जुड़े कार्यों की भी प्रतिदिन समीक्षा करने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि जहां काम की गति धीमी मिले या श्रमिकों और संसाधनों की कमी सामने आए, वहां तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। बैठक में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (संचार) विपिन कुमार, क्षेत्राधिकारी कुंभ उमेश मलिक, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, अधीक्षण अभियंता तकनीकी प्रकोष्ठ मनोज कुमार भट्ट, अधीक्षण अभियंता सिंचाई एवं महाप्रबंधक यूपीसीडीसीसी मनोज कुमार सिंह तथा अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग डीपी सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
