देहरादून में स्वच्छता अभियान के तहत 40 टन कूड़ा उठाया, दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक चलेगा सफाई अभियान

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
40 Tonnes of Waste Collected Under Cleanliness Drive in Dehradun; Campaign to Continue from Diwali Through State Foundation Day — IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

देहरादून (शिखर समाचार)। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन एवं नगर निगम देहरादून की ओर से बुधवार को विशेष सफाई अभियान चलाया गया। परेड ग्राउंड सहित पटेलनगर, हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज, रेसकोर्स और अन्य स्थानों पर चलाए गए अभियान में करीब 40 टन कूड़ा एकत्र कर उठाया गया। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों, नगर निगम कर्मचारियों और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर की छात्राओं के साथ स्वयं सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।

दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक चलेगा स्वच्छता अभियान

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

परेड ग्राउंड में चलाए गए अभियान के दौरान परिसर से करीब 10 टन कूड़ा एकत्र किया गया, जबकि पटेलनगर, हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज, रेसकोर्स सहित अन्य स्थानों से लगभग 30 टन कूड़ा उठाया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और बाजारों में नियमित सफाई के साथ लोगों को कूड़े के उचित निस्तारण के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है।

डॉ. आशीष चौहान ने बताया कि दीपावली से राज्य स्थापना दिवस तक जनपद में लगातार स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एकत्रित कूड़े का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाए। जैव अपघटनीय और गैर-जैव अपघटनीय कूड़े को अलग-अलग श्रेणियों में रखकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निस्तारित किया जाए, जिससे पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को कम किया जा सके।

नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने की अपील

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निगम देहरादून और ऋषिकेश सहित संबंधित नगर निकायों के सहयोग से योजनाबद्ध तरीके से अभियान संचालित किया जाएगा। रिस्पना नदी सहित अन्य चिह्नित स्थानों पर भी सफाई अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन, नगर निकायों, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता व्यवस्था में स्थायी सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने, निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा डालने तथा गीले और सूखे कूड़े को अलग रखने की आदत अपनाने की अपील की। अभियान में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आनंद शुक्ला, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज राजपुर की प्रधानाचार्य एवं छात्राएं, वेस्ट वॉरियर्स संस्था के रोहित सडाना सहित नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment