किसानों की शिकायतों पर डीएम सख्त, विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता पर लगाया जुर्माना

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
DM Takes Action on Farmers’ Complaints, Fines Executive Engineer of the Electricity Department — IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

मोदीनगर (शिखर समाचार)। किसानों की समस्याओं का समय से समाधान नहीं करने पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र कुमार को कड़ी फटकार लगाई और उन पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। बुधवार को पहली बार ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित किसान दिवस के दौरान किसानों ने बिजली व्यवस्था, गन्ना भुगतान और जर्जर संपर्क मार्गों से जुड़ी समस्याएं उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के गोल चक्कर के पास गांव तलहेटा में किसान दिवस का आयोजन किया गया। पूर्वाह्न करीब 11 बजे उपजिलाधिकारी कोमल पंवार, तहसीलदार रजत कुमार तथा लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पहुंचकर किसानों की शिकायतें सुननी शुरू कीं। दोपहर करीब एक बजे जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ भी पहुंचे और किसानों की समस्याओं की जानकारी ली।

ट्रांसफार्मर चोरी और बिजली व्यवस्था पर जताई नाराजगी

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html\

किसानों ने शिकायत की कि खेतों से बिजली के ट्रांसफार्मर और तार चोरी हो रहे हैं, लेकिन विद्युत निगम समय पर नए ट्रांसफार्मर नहीं लगा रहा है। इसके कारण खेतों में खड़ी फसल सूखने की स्थिति में है। किसानों ने विभागीय स्तर पर कार्रवाई में देरी का आरोप भी लगाया। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र कुमार से जवाब मांगा, लेकिन संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उन्हें फटकार लगाई। अधिकारियों को दी गई जानकारी के अनुसार, जिलाधिकारी ने 21 हजार रुपये का जुर्माना लगाने और उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारी के स्थानांतरण की संस्तुति करने की बात भी कही।

गन्ना भुगतान और जर्जर सड़कों की समस्याएं उठाईं

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

किसान नेता सतेंद्र तोमर, अमित त्यागी, रामभरोसे मौर्य सहित अन्य किसानों ने वर्ष 2018-19 के गन्ना पेराई सत्र के बकाया भुगतान पर ब्याज नहीं मिलने की समस्या उठाई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को इस मामले में स्थिति रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग की जर्जर हालत की शिकायत भी की, जिस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सड़क को गड्ढामुक्त करने का आदेश दिया।

Share This Article
Leave a comment