हरिद्वार (शिखर समाचार)। उत्तराखंड शासन के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत भगवानपुर विकासखंड के अटल उत्कर्ष कन्या इंटर कॉलेज, बुग्गावाला में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में 675 नागरिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 615 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, जबकि प्राप्त 56 शिकायतों में से 39 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए भेजी गईं।
बुग्गावाला में बहुउद्देशीय शिविर, 615 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से गांव-गांव में बहुउद्देशीय शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर मिल सकें और उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और जरूरतमंदों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।
राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
56 शिकायतों में से 39 का मौके पर निस्तारण, अधिकारियों को निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने आश्वस्त किया कि अधिकारियों को निर्देशों के अनुरूप शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने और पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा जाएगा। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त किए। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, खंड विकास अधिकारी राजेंद्र जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
