कुंभ-2027 की तैयारियों में तेजी, अपर मेलाधिकारी ने आधी रात निर्माण स्थलों का लिया जायजा

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Preparations for Kumbh-2027 Gather Pace, Additional Mela Officer Inspects Construction Sites at Midnight. IMAGE CREDIT सूचना विभाग

हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने पिछली मध्य रात्रि विभिन्न निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, पर्याप्त श्रमिक तैनात करने तथा गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में तेजी, निर्माण स्थलों का देर रात निरीक्षण

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

अपर मेलाधिकारी ने खड़खड़ी में सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल और भूपतवाला से जटवाड़ा पुल तक पुरानी दिल्ली-नीति पास मार्ग पर सड़क चौड़ीकरण, फुटपाथ निर्माण तथा घाटों पर चल रहे कार्यों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रमुख परियोजनाओं को आवश्यकता के अनुसार दिन और रात की पाली में पूरा कराया जाए, ताकि निर्धारित समयसीमा का पालन हो सके। जहां श्रमिकों की संख्या कम हो या कार्यों की गति संतोषजनक न मिले, वहां तत्काल सुधार किया जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने पर भी जोर दिया गया।

मेला प्रशासन कंट्रोल रूम, ऑनलाइन माध्यमों और स्थलीय निरीक्षण के जरिए निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी कर रहा है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, रोशनाबाद में स्थापित नियंत्रण कक्ष से दैनिक प्रगति रिपोर्ट और अलग-अलग पालियों में किए जा रहे कार्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि कमियों को समय रहते दूर किया जा सके।

निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

मेलाधिकारी सोनिका ने निर्माण स्थलों पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश भी दिए हैं। इन पर कार्य का नाम, स्वीकृत लागत, शुरुआत और पूरा होने की निर्धारित तिथि तथा संबंधित ठेकेदार और अभियंताओं के दूरभाष नंबर अंकित किए जाएंगे। इससे निर्माण कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी।

मेला प्रशासन का लक्ष्य सड़कों, पुलों, घाटों और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को तय समय में पूरा करना है, ताकि कुंभ मेला-2027 के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Share This Article
Leave a comment