हापुड़ (शिखर समाचार)। जनपद की तीनों तहसीलों में माह के तृतीय शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 118 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 शिकायतों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कर दिया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में 118 शिकायतें प्राप्त, 16 का मौके पर निस्तारण
तहसील हापुड़ में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 60 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 7 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान खतौनी, वरासत, भूमि विवाद, पेंशन, आवास और विद्युत से जुड़े मामले प्रमुखता से आए।
तहसील गढ़मुक्तेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 30 शिकायतें आईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण हुआ। वहीं, तहसील धौलाना में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 28 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अंकन किया जाए और उनका समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित हो। भूमि विवादों के मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग को आपसी समन्वय बनाकर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, पुलिस अधीक्षक ने कहा कि थाना स्तर पर ही पीड़ितों की सुनवाई प्राथमिकता से हो, ताकि उन्हें बार-बार चक्कर न काटने पड़ें।
