त्योहारों से पहले सड़कों पर उतरे डीआईजी कलानिधि नैथानी, बोले—गश्त में भीड़ नहीं, जनता से संवाद जरूरी

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
DIG Kalanidhi Naithani Takes to the Streets Ahead of Festivals, Says Public Interaction Is More Important Than Just Numbers During Patrolling IMAGE CREDIT TO पुलिस

मेरठ (शिखर समाचार)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आमजन की समस्याओं को समझने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को ईब्ज चौराहे से आसपास के व्यस्त बाजारों में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों, रिक्शा चालकों और छात्रों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं तथा यातायात व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लोगों से मिले सुझावों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

त्योहारों के मद्देनजर डीआईजी ने बाजारों में की पैदल गश्त

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

शुक्रवार की नमाज, नवरात्र और आगामी दशहरा, धनतेरस तथा दीपावली के दृष्टिगत की गई इस गश्त के दौरान डीआईजी ने बाजारों और व्यस्त मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने आमजन से सीधे संवाद कर क्षेत्र में आवागमन, यातायात संबंधी परेशानियों और अन्य स्थानीय समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। मौके पर सामने आए सुझावों से स्थानीय यातायात उपनिरीक्षकों को अवगत कराते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए।

नियमित गश्त और जनसंवाद से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

डीआईजी कलानिधि नैथानी ने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि पैदल गश्त को अपनी नियमित कार्यशैली का हिस्सा बनाएं। विशेष रूप से बीट आरक्षी और हल्का चौकी प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करें तथा आमजन से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझें। उन्होंने कहा कि गश्त की सार्थकता केवल पुलिसकर्मियों की संख्या से नहीं, बल्कि जनता के साथ प्रभावी संवाद और अपराध नियंत्रण के प्रयासों से तय होती है।

उन्होंने पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों के सुझावों पर ध्यान देने, यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान कराने और क्षेत्र में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करने पर जोर दिया। त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सक्रियता और जनसहभागिता को महत्वपूर्ण बताया गया।

Share This Article
Leave a comment