——जीडीए और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने किया ग्राउंड इंस्पेक्शन, जल्द शुरू होगा तकनीकी सर्वे
आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार लाल कुआं, जीटी रोड और भाटिया मोड़ क्षेत्र को भीषण जाम से स्थायी मुक्ति दिलाने के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने एक महत्वाकांक्षी कनेक्टिविटी प्लान पर काम तेज कर दिया है। सोमवार को जीडीए के सचिव, प्रभारी मुख्य अभियंता और एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर व वरिष्ठ तकनीकी अधिकारियों की संयुक्त टीम ने प्रस्तावित रूट का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवहार्यता परखी।
लाल कुआं से भाटिया मोड़ तक बनेगी बेहतर कनेक्टिविटी, फ्लाईओवर होगा फोरलेन
योजना के तहत ठाकुरद्वारा के वर्तमान फ्लाईओवर को लगभग 1 किलोमीटर तक चौड़ा करते हुए फोरलेन बनाया जाएगा, जिसे सीधे भाटिया मोड़ से जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही भाटिया मोड़ से पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस तक करीब 3 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड के निर्माण की रूपरेखा तैयार की गई है।
परियोजना की सबसे खास कड़ी आरओबी के आगे प्रस्तावित डबल डेकर फ्लाईओवर होगा। इसके जरिए ट्रैफिक दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) के ऊपर से क्रॉस करते हुए सीधे नोएडा की ओर निकल सकेगा। इससे लाल कुआं चौराहे पर लगने वाला भारी ट्रैफिक जाम पूरी तरह समाप्त हो जाएगा और आगामी 50 वर्षों तक शहर के इस हिस्से में वाहनों का आवागमन निर्बाध रूप से जारी रह सकेगा।
डबल डेकर फ्लाईओवर से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के ऊपर से निकलेगा ट्रैफिक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जमीन पर काम शुरू करने से पहले रास्ते में आने वाली बिजली की लाइनों, पानी की पाइपलाइनों और अन्य यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए विस्तृत समन्वय बैठक बुलाई जा रही है। एनएचएआई, विद्युत निगम, यूपीसीडा और अन्य संबंधित विभागों के साथ संयुक्त बैठक कर अड़चनों को दूर किया जाएगा, जिसके बाद डीपीआर और निर्माण की दिशा तय होगी।
वर्जन:
“गाजियाबाद को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप सिग्नल-फ्री और सुगम यातायात व्यवस्था देना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। लाल कुआं और भाटिया मोड़ क्षेत्र में बढ़ते दबाव को देखते हुए यह कनेक्टिविटी गेमचेंजर साबित होगी। एनएचएआई और अन्य संबंधित विभागों के साथ तालमेल बनाकर तकनीकी पहलुओं और यूटिलिटी शिफ्टिंग की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कराया जाएगा, ताकि धरातल पर जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सके।”
— नंद किशोर कलाल (आईएएस), उपाध्यक्ष, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण
