हरिद्वार (शिखर समाचार)। उत्तराखंड शासन की ओर से जारी स्थानांतरण एवं तैनाती आदेश के बाद नवंबर 2024 से हरिद्वार में एसपी देहात की जिम्मेदारी संभाल रहे शेखर चंद सुयाल का स्थानांतरण देहरादून कर दिया गया है। उन्हें देहरादून में अपर पुलिस अधीक्षक नगर की नई जिम्मेदारी दी गई है। हरिद्वार से प्रस्थान से पूर्व पुलिस कार्यालय के सभागार में उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एसपी अपराध एवं यातायात निशा यादव सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने शेखर चंद सुयाल के करीब 22 माह के कार्यकाल को याद किया। अधिकारियों ने अपराध नियंत्रण एवं अपराधों के अनावरण, शांति और सुरक्षा व्यवस्था तथा सफल कांवड़ यात्रा के दौरान उनके योगदान की चर्चा की। इस दौरान कुशल वक्ता के रूप में मंच संचालन करने की उनकी क्षमता और सरल एवं मृदुभाषी व्यवहार की भी प्रशंसा की गई।
अधिकारियों ने दी विदाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने शेखर चंद सुयाल को फूलमाला पहनाकर तथा स्मृति चिह्न भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए भविष्य में भी साथ मिलकर कार्य करने की इच्छा जताई। शेखर चंद सुयाल ने हरिद्वार में कार्यकाल के दौरान सहयोग प्रदान करने के लिए सभी वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
विदाई समारोह में प्रमुख पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी, क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर संजय चौहान, क्षेत्राधिकारी नगर शीशुपाल नेगी, क्षेत्राधिकारी यातायात विपेंद्र सिंह, प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण आलोक सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
