शामली (शिखर समाचार)। आरके पीजी कॉलेज के छात्र ऋषभ चौधरी ने पांचवीं अंतर-महाविद्यालयीय शूटिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय का नाम रोशन किया। सात और आठ सितंबर को आयोजित प्रतियोगिता में ऋषभ ने विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
10 मीटर एयर पिस्टल की व्यक्तिगत स्पर्धा में ऋषभ चौधरी ने कुल 400 में से 385 अंक हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके अलावा 50 मीटर फ्री पिस्टल स्पर्धा में उन्होंने 510 अंक प्राप्त कर दूसरा स्वर्ण पदक जीता। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
टीम स्पर्धा में भी हासिल किया तीसरा स्थान
10 मीटर एयर पिस्टल की टीम स्पर्धा में ऋषभ चौधरी ने बॉबी और मिंटू के साथ प्रतिभाग किया। तीनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 1070 अंक हासिल किए और टीम को प्रतियोगिता में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। व्यक्तिगत स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीतने के साथ टीम स्पर्धा में भी स्थान हासिल करना ऋषभ के उत्कृष्ट प्रदर्शन को दर्शाता है।
महाविद्यालय पहुंचने पर ऋषभ का हुआ स्वागत
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद महाविद्यालय पहुंचने पर प्रधानाचार्य डॉ. एमके जेली, विभागाध्यक्ष डॉ. परवीन अहमद तथा खेल समिति के सदस्यों ने ऋषभ चौधरी का स्वागत किया। कॉलेज परिवार ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है। महाविद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने ऋषभ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
