———मुरादनगर के मोहद्दीनपुर हिसाली में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, नाले की भूमि कब्जाने का भी आरोप
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। मुरादनगर क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने गुरुवार को ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-2 के प्रभारी के नेतृत्व में खसरा संख्या-322, ग्राम मोहद्दीनपुर हिसाली, कनौजा रोड, मुरादनगर स्थित करीब 11 हजार वर्ग मीटर भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया। प्राधिकरण के अनुसार मौके पर न तो किसी प्रकार की स्वीकृति प्रस्तुत की गई और न ही भूमि संबंधी अभिलेख दिखाए गए।
जीडीए के अधिकारियों के अनुसार संबंधित स्थल पर अवैध रूप से प्लॉटिंग विकसित की जा रही थी। आरोप है कि नालों की भूमि को भी अवैध प्लॉटिंग में शामिल कर लिया गया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर चल रहे निर्माण एवं विकास कार्य को रुकवाया गया और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
निर्माणकर्ताओं ने किया विरोध, पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई
ध्वस्तीकरण के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने कार्रवाई का विरोध किया। हालांकि प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा।
अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जीडीए अधिकारियों ने बताया कि अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ आगामी महीनों में भी ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग की कार्रवाई का अभियान जारी रखा जाएगा।
