हापुड़ (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगरीय क्षेत्रों की साफ-सफाई, कूड़ा उठान एवं निस्तारण, नाला-नाली सफाई, पेयजल आपूर्ति, सड़क प्रकाश व्यवस्था, जलभराव, वेंडिंग जोन, अतिक्रमण हटाओ अभियान सहित विभिन्न विकास कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निकाय क्षेत्रों में नियमित रूप से साफ-सफाई कराते हुए कूड़े का समय से उठान और उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बरसात के मौसम को देखते हुए नालों और नालियों की सफाई प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव की समस्या से लोगों को परेशानी न हो। उन्होंने सड़क प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त रखने और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक कराने को कहा।
अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश
बैठक में वेंडिंग जोन की व्यवस्था, अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान, 15वें वित्त आयोग, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी), प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, कान्हा गौशाला तथा नगर निकायों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अतिक्रमण के खिलाफ नियमित अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में न रहने दिए जाएं।
योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना में निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति बढ़ाने तथा पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों को निर्धारित गुणवत्ता और समयसीमा के अनुरूप पूरा कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि नगर निकायों की मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित करना होगा।
