ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। महिला सशक्तिकरण और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला सेवायोजन विभाग की ओर से राजकीय महिला पॉलिटेक्निक, बादलपुर में पिंक रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ दादरी विधायक तेजपाल नागर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिलाधिकारी मेधा रूपम की उपस्थिति में आयोजित मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 17 कंपनियों ने भाग लिया। कुल 486 छात्राओं एवं युवतियों ने हिस्सा लिया, जिनमें साक्षात्कार के बाद 263 अभ्यर्थियों का चयन कर उन्हें नियुक्ति-पत्र दिए गए।
17 कंपनियों ने लिया रोजगार मेले में हिस्सा
रोजगार मेले का उद्देश्य शिक्षित एवं रोजगार की इच्छुक छात्राओं और युवतियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल एवं प्रतिभा के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना रहा। मेले में 300 से अधिक अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन तथा 186 ने सीधे पंजीकरण कराया।
इस अवसर पर विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि युवतियों को रोजगार उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
पिंक रोजगार मेले की पहल आगे भी रहेगी जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि उनके भीतर अपार क्षमता है। आवश्यकता अपनी प्रतिभा को पहचानकर सही दिशा में मेहनत करने की है। उन्होंने कहा कि पिंक रोजगार मेले की यह पहल आगे भी जारी रखी जाएगी, ताकि जनपद की बेटियों को अधिक से अधिक रोजगार के अवसर मिल सकें।
कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी मनीषा अत्री, प्रधानाचार्या दीपिका दुबे, संस्थापिका खुशबू सिंह सहित विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान जिला सेवायोजन कार्यालय और युवा शक्ति फाउंडेशन के बीच रोजगार संवर्धन के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किए गए।
