गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अनाधिकृत कालोनियों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए लोनी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। प्रवर्तन जोन-8 की टीम ने ग्राम सभापुर में करीब 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कालोनी को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान कालोनी में बनाए गए 60 से 70 भूखंडों की बाउंड्रीवॉल, विद्युत पोल और सड़कों को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया। इसके अलावा नवजीवन एन्क्लेव में भी अवैध निर्माण के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
10 हजार वर्ग मीटर में विकसित अवैध कालोनी ध्वस्त
जीडीए के अनुसार यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 की संबंधित धाराओं के तहत की गई। प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी के नेतृत्व में टीम ने ग्राम सभापुर में राजबीर द्वारा विकसित की जा रही अनाधिकृत कालोनी में कार्रवाई की। यहां बड़े क्षेत्रफल में बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के भूखंड विकसित किए जा रहे थे। मौके पर सड़कों के निर्माण के साथ भूखंडों की बाउंड्रीवॉल और विद्युत पोल लगाए गए थे।
इसी अभियान के तहत नवजीवन एन्क्लेव, लोनी में संतोष तिवारी द्वारा किए गए अवैध निर्माण को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं और कालोनाइजरों ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति नियंत्रित करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी रखी।
अवैध निर्माण के खिलाफ आगे भी जारी रहेगा अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जीडीए ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण और अवैध कालोनियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान में प्रवर्तन जोन-8 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी अवैध निर्माणों के खिलाफ ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
