बुढ़ाना में करोड़ों की चोरी का खुलासा, मुठभेड़ में दो सगे भाई गिरफ्तार

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Crores-Worth Theft Case Busted in Budhana; Two Brothers Arrested After Encounter IMAGE CREDIT TO पुलिस

बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। बुढ़ाना में सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक के बंद पड़े मकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से एक आरोपी और उपनिरीक्षक घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 745 ग्राम सोने के आभूषण, दो किलो 240 ग्राम चांदी के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा उनके कब्जे से एक पिस्टल, एक तमंचा, तीन खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बाइक भी मिली है।

मुठभेड़ में आरोपी और उपनिरीक्षक घायल

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बुढ़ाना निवासी सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक देशपाल सिंह के मकान का ताला तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीम गठित की गई थीं। सोमवार देर रात मुखबिर की सूचना पर विशेष अभियान समूह और पुलिस की संयुक्त टीम मंदवाड़ा रोड पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया। दोनों बाइक मोड़कर भागे और गन्ने के खेत में घुसकर पुलिस पर गोली चलाने लगे। गोली लगने से उपनिरीक्षक सूर्यप्रताप घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को घेराबंदी के दौरान पकड़ लिया गया।

745 ग्राम सोना और 2.240 किलो चांदी बरामद

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पूछताछ में आरोपियों की पहचान शहजाद और शाहनवाज पुत्र रहीश निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दोनों दिन में फेरी लगाने के बहाने बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में चोरी करते थे। दोनों ने सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक के मकान की तीन दिन तक रेकी की थी। चोरी के बाद आभूषण मंदवाड़ा रोड स्थित खेत में छिपा दिए थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सामान बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर के विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

Share This Article
Leave a comment