गाजियाबाद (शिखर समाचार)। हिंडन विहार स्थित विश्वकर्मा रोड पर जेएस स्क्रैप कंपनी के गोदाम में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली अग्निशमन केंद्र से चार दमकल वाहनों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया कि दोपहर 2:01 बजे गोदाम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गईं। घटनास्थल कोतवाली अग्निशमन केंद्र से करीब तीन किलोमीटर दूर था। मौके पर पहुंचने पर अस्थायी टीन शेड से बने गोदाम में आग की तेज लपटें उठ रही थीं और काले धुएं का घना गुबार दिखाई दे रहा था।
दमकल की चार गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
राहुल पाल के निर्देशन एवं पर्यवेक्षण में दमकल कर्मियों ने दो पानी की धारों से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि दमकलकर्मियों ने कड़ी मेहनत करते हुए आग को पूरी तरह बुझाकर शांत कर दिया।
रिहायशी क्षेत्र तक पहुंचने से रोकी आग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
गोदाम के आसपास रिहायशी क्षेत्र होने के कारण आग के फैलने का खतरा बना हुआ था, लेकिन दमकल टीम की तत्परता से आग को आसपास के मकानों तक पहुंचने से रोक लिया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आसपास के रिहायशी क्षेत्र को भी सुरक्षित बचा लिया गया। आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
