लक्जरी और स्लीपर बसों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, 185 चालान, 16 वाहन सीज

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Transport Department Takes Action Against Luxury and Sleeper Buses, 185 Challans Issued and 16 Vehicles Seized IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हरिद्वार (शिखर समाचार)। यात्रियों की सुरक्षा और परिवहन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर सोमवार को जनपद में लक्जरी एवं स्लीपर बसों के खिलाफ विशेष संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन नेहा झा के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान बसों की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा मानकों, यात्री क्षमता और आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई। संभागीय निरीक्षक तकनीकी आनंद वर्धन तथा सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज विशाल कुमार की सहभागिता में विभिन्न स्थानों पर बसों की जांच की गई।

185 बसों के चालान, 16 वाहन सीज

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जांच के दौरान कई वाहनों में अनधिकृत रूप से संरचना में परिवर्तन, निर्धारित बस बॉडी मानकों का उल्लंघन, क्षमता से अधिक यात्रियों का परिवहन, चालक के लाइसेंस से संबंधित अनियमितता सहित परिवहन एवं यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले सामने आए। अभियान के दौरान कुल 185 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर 16 वाहनों को सीज कर दिया गया। तकनीकी और सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरने वाले तीन वाहनों की फिटनेस निलंबित करने की संस्तुति भी की गई। अभियान में परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, मुकेश भारती, भारत भूषण और हरीश सती ने भी सक्रिय भूमिका निभाई।

नियम तोड़ने वाले बस संचालकों पर होगी कठोर कार्रवाई

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बस संचालकों को निर्धारित यात्री क्षमता, स्वीकृत संरचना, बस बॉडी मानकों और सुरक्षा नियमों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करने की हिदायत दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

Share This Article
Leave a comment