हापुड़ (शिखर समाचार)। थाना हाफिजपुर क्षेत्र में कैंटर चालक से पांच लाख रुपये की बेहोश कर लूट की सूचना का पुलिस ने खुलासा करते हुए वारदात को फर्जी पाया है। पुलिस ने आरोपी चालक गुलहसन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पांच लाख रुपये, मोबाइल फोन और कैंटर बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने कर्ज चुकाने के लिए खुद ही लूट की साजिश रची थी और रुपये कैंटर के डाले की पाइप में छिपाकर उसे वेल्डिंग से बंद कर दिया था।
पांच लाख की लूट की सूचना निकली फर्जी, चालक गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार बुलंदशहर के रामपुर मानपुर निवासी गुलहसन ने पुलिस को बताया था कि उसने गढ़ रोड स्थित एक लकड़ी व्यापारी को लकड़ी बेचकर पांच लाख रुपये प्राप्त किए थे। 29 अगस्त की सुबह वह रुपये लेकर घर लौट रहा था। उसने आरोप लगाया कि सोना पेट्रोल पंप के सामने तीन युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी और कैंटर में बैठने के बाद कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिला दिया। बेहोश होने के बाद आरोपी पांच लाख रुपये लूटकर फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की तो घटना की कहानी संदिग्ध प्रतीत हुई। पुलिस ने आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें बताए गए समय पर कैंटर सड़क पर दिखाई नहीं दिया। पूछताछ के दौरान गुलहसन लगातार अपने बयान बदलता रहा। पुलिस के अनुसार सख्ती से पूछताछ करने पर उसने फर्जी लूट की कहानी रचने की बात स्वीकार कर ली।
कर्ज चुकाने के लिए रची लूट की साजिश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
थाना प्रभारी अतुल कुमार चौहान ने बताया कि गुलहसन पर काफी कर्ज था। कर्ज चुकाने के लिए उसने पांच लाख रुपये हड़पने की योजना बनाई और लूट का नाटक किया। उसने रकम कैंटर के डाले की पाइप में रखकर वेल्डिंग कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को उबारपुर नाले के पास से गिरफ्तार कर रकम बरामद कर ली। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
