एमएमजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू से निपटने की पूरी तैयारी, 10 बिस्तर आरक्षित, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
MMG Hospital Fully Prepared to Tackle Swine Flu, 10 Beds Reserved; District Magistrate Conducts Inspection IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मादड़ ने शनिवार को जिला चिकित्सालय (एमएमजी अस्पताल) का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और स्वाइन फ्लू से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल के फ्लू वार्ड का निरीक्षण करते हुए मरीजों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए अस्पताल में 10 बिस्तर आरक्षित किए गए हैं। वार्ड में ऑक्सीजन, आवश्यक दवाइयों और अन्य चिकित्सीय संसाधनों की पर्याप्त उपलब्धता है।

जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से भी सीधे संवाद किया तथा उपचार और स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलने की बात कही। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से कूलर, पंखे, बिजली सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यकता होने पर मांग पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

एमएमजी अस्पताल में स्वाइन फ्लू के लिए 10 बेड आरक्षित

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

इसके बाद उन्होंने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन नई इमारत का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति और स्वीकृत कार्यों का पूरा विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण में किसी कमी या अतिरिक्त आवश्यकता की जानकारी भी रिपोर्ट के माध्यम से देने को कहा, ताकि भवन का निर्माण गुणवत्तापूर्ण और उपयोगी तरीके से पूरा हो सके।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में अब तक सामने आए स्वाइन फ्लू के मरीज वर्तमान में अपने घरों पर स्वस्थ हैं और एमएमजी अस्पताल में इस समय कोई स्वाइन फ्लू मरीज भर्ती नहीं है। उन्होंने स्वाइन फ्लू संबंधी जानकारी और सहायता के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 08826294546 जारी किया।

नेपाल में फंसे परिजनों की सूचना प्रशासन को देने की अपील

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

नेपाल में उत्पन्न आपातकालीन परिस्थितियों को लेकर जिलाधिकारी ने अपील की कि यदि किसी जनपदवासी का परिजन, रिश्तेदार या परिचित नेपाल में मौजूद है और उससे संपर्क नहीं हो पा रहा है, तो उसकी सूचना जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। प्रशासन संबंधित व्यक्ति की जानकारी जुटाने और यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई करेगा।

Share This Article
Leave a comment