बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। कस्बा निवासी छात्रा प्राची पंवार ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का परिचय देते हुए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस बार उन्होंने हिंदू अध्ययन विषय में राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर लगातार दूसरी बड़ी शैक्षणिक उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
हिंदू अध्ययन में NET उत्तीर्ण कर हासिल की दूसरी बड़ी उपलब्धि
कस्बे के बड़ौत रोड निवासी डॉ. सतेंद्र आर्य की पुत्री प्राची पंवार इससे पहले संस्कृत विषय में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने के साथ जूनियर रिसर्च फैलोशिप के लिए भी चयनित हो चुकी हैं। अब हिंदू अध्ययन विषय में भी राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण कर उन्होंने अपनी उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी लगातार सफलता को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।
मेहनत, परिवार के सहयोग और अनुशासन को दिया सफलता का श्रेय
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
प्राची पंवार ने श्रीमद् दयानंद कन्या गुरुकुल, चोटीपुरा से संस्कृत विषय में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर परिश्रम, परिवार के सहयोग तथा माता डॉ. गीतांजलि और पिता डॉ. सतेंद्र आर्य के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद को दिया। प्राची का कहना है कि लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयास और अध्ययन में अनुशासन सफलता की राह आसान बनाते हैं। उनकी उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त किया।
