बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। कस्बे की तहसील कॉलोनी में अज्ञात चोरों ने सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक देशपाल सिंह के बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों-करोड़ों रुपये के सोने के आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह है कि जिस मकान में चोरी हुई, वह उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी के आवास से महज कुछ कदम की दूरी पर स्थित है। घटना ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
तहसील कॉलोनी में उपजिलाधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी आवास के पीछे वाली गली में सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक देशपाल सिंह पुत्र रामचंद्र का मकान है। बताया गया कि देशपाल सिंह परिवार के साथ कहीं बाहर गए हुए थे और मकान पर ताला लगा था। गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब 50 तोले से अधिक सोने के आभूषण, नकदी तथा अन्य सामान चोरी कर लिया। शुक्रवार सुबह पड़ोसियों ने मकान का टूटा ताला और खुला दरवाजा देखा तो उन्होंने फोन कर देशपाल सिंह को घटना की जानकारी दी।
पुलिस सुरक्षा और गश्त पर उठे सवाल
सूचना मिलते ही परिवार वापस घर पहुंचा। अंदर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उनके होश उड़ गए। घर की जांच करने पर सोने के आभूषण, नकदी और अन्य सामान गायब मिला। घटनास्थल के पास ही कस्बा चौकी प्रभारी ललित कसाना भी किराये के मकान में रहते हैं। ऐसे में पुलिस सुरक्षा और रात्रि गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सूचना पर पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चोरों की तलाश और घटना के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम गठित की गई है।
