गाजियाबाद (शिखर समाचार)। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त और बेहतर बनाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया है। नगर निगम द्वारा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित रोड कंडीशन मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से पांचों जोन में करीब 475 किलोमीटर सड़कों का सर्वे कराया गया। करीब 250 सड़कों का सर्वे कर छोटे से छोटे गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्सों को तकनीकी प्रणाली के माध्यम से चिह्नित करते हुए उनकी मरम्मत में आने वाले अनुमानित खर्च की सारणी तैयार की गई है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों के साथ सर्वे रिपोर्ट की प्रस्तुति देखी और निर्माण विभाग को रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने बताया कि निर्माण विभाग सड़क सुधार और रखरखाव को लेकर लगातार कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कार्यदायी संस्था साइबर स्विफ्ट के माध्यम से 15 दिन में सर्वे कराया गया। इसमें कविनगर जोन में 106 किलोमीटर, विजयनगर जोन में 54.6 किलोमीटर, वसुंधरा जोन में 110 किलोमीटर, सिटी जोन में 104 किलोमीटर तथा मोहननगर जोन में 98.22 किलोमीटर सड़कों का सर्वे किया गया। प्रस्तुति के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों और छोटे-बड़े गड्ढों की स्थिति भी देखी गई।
प्राथमिकता के आधार पर इन सड़कों की होगी मरम्मत
मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी ने सर्वे के आधार पर मोहननगर में अप्सरा बॉर्डर, कविनगर में आई ब्लॉक, संजय नगर के पी ब्लॉक, सिटी जोन में लाल क्वार्टर रोड, वसुंधरा में बुध चौक मार्ग तथा विजयनगर में सेक्टर-12 के ब्लॉक की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं। कार्य धनराशि की उपलब्धता के अनुसार कराया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से तय होगी सड़क सुधार की प्राथमिकता
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
नगर आयुक्त ने कहा कि आधुनिक तकनीक से सड़कों की वास्तविक स्थिति सामने आने से मरम्मत कार्य को प्राथमिकता के अनुसार कराने में मदद मिलेगी। इस दौरान अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी मिथिलेश तथा विशेषज्ञ टीम मौजूद रही। नगर निगम ने आवास विकास, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग को भी उनके अधीन आने वाली सड़कों के सुधार के संबंध में पत्र भेजा है।
