गौरव त्यागी हत्याकांड में लापरवाही पर दो दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी लाइनहाजिर

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Four Police Personnel, Including Two Sub-Inspectors, Sent to Police Lines for Negligence in Gaurav Tyagi Murder Case IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

हापुड़ (शिखर समाचार)। गौरव त्यागी हत्याकांड में पुलिस स्तर पर लापरवाही बरतने के मामले में डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर चार पुलिसकर्मियों को लाइनहाजिर कर दिया गया है। इनमें दो दरोगा, एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल शामिल हैं। मामले में विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं। उधर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर राष्ट्रीय सैनिक संस्था के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, उनके घरों पर बुलडोजर चलाने, मुठभेड़ में कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और सुरक्षा देने की मांग की।

बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी की पुरानी जमीन संबंधी रंजिश के चलते हत्या कर दी गई थी। मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि पांच आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। फरार आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिसकर्मियों की भूमिका की विभागीय जांच के आदेश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बाबूगढ़ थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, बीट पुलिसकर्मी और स्थानीय अभिसूचना इकाई के कर्मी की भूमिका की विभागीय जांच के निर्देश दिए थे। जांच अधिकारी एएसपी विनीत भटनागर की कार्रवाई के बाद कुचेसर चौपला चौकी प्रभारी ओमकार गंगवार, पूर्व चौकी प्रभारी नीरज कुमार, हेड कांस्टेबल शाहिद और कांस्टेबल इकराम को लाइनहाजिर कर दिया गया।

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को सहायता की मांग

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

इधर राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी के नेतृत्व में गुरुवार को शहीद स्तंभ पर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। बाद में एसडीएम सदर प्रेमपाल सिंह और सीओ अनीता चौहान को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। संस्था ने फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की सहायता और सुरक्षा देने की मांग की।

Share This Article
Leave a comment