हरिद्वार (शिखर समाचार)। उत्तराखंड के खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को निखारने और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन कार्यक्रम योजना 2026-27 के तहत हरिद्वार में जनपद स्तरीय चयन ट्रायल शुरू हो गए हैं। प्रथम दिन रोशनाबाद स्थित योगस्थली खेल परिसर में हॉकी, मुक्केबाजी, कबड्डी, जूडो और कराटे के चयन ट्रायल आयोजित किए गए। इनमें 77 बालक और 39 बालिकाओं सहित कुल 116 खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
जिला क्रीड़ा अधिकारी हरिद्वार ने बताया कि चयन ट्रायल में 14 से 17 वर्ष, 17 से 19 वर्ष, 19 से 21 वर्ष तथा 21 से 23 वर्ष के चार आयु वर्गों में विकासखंड, नगर निगम और नगर पालिका स्तर से चयनित खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों का चयन शारीरिक क्षमता परीक्षण के साथ संबंधित खेल की दक्षता और कौशल के आधार पर किया गया। परीक्षण में 30 मीटर दौड़, ऊर्ध्वाधर छलांग, 6×10 मीटर शटल दौड़, भारयुक्त गेंद फेंक और 800 मीटर दौड़ शामिल रही।
चयनित खिलाड़ियों को मिलेगी 2 हजार रुपये मासिक छात्रवृत्ति
मेरिट के आधार पर प्रत्येक आयु वर्ग में प्रत्येक खेल से दो बालक और दो बालिकाओं का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतिमाह 2,000 रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। इसके अलावा खेल उपकरण खरीदने के लिए वर्ष में 10,000 रुपये की एकमुश्त राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से खिलाड़ियों के बैंक खातों में उपलब्ध कराई जाएगी।
21 अगस्त को इन खेलों के होंगे ट्रायल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
21 अगस्त को सुबह आठ बजे से योगस्थली खेल परिसर में बास्केटबॉल, ताइक्वांडो, फुटबॉल, टेबल टेनिस और वॉलीबॉल के जनपद स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयन प्रक्रिया जिला खेल विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा विभाग और युवा कल्याण विभाग के समन्वय से कराई जा रही है।
