चाकूबाजी में युवक की मौत के बाद आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से हुआ घायल

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
After a youth was killed in a knife attack, police had an encounter with the accused, who was injured after being shot in the leg. IMAGE CREDIT TO पुलिस

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव में हुई चाकूबाजी की घटना में युवक की मौत के बाद फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल भेजा गया। आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

चाकूबाजी में 21 वर्षीय युवक की हुई थी मौत

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

इसी कड़ी में 19 अगस्त को शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र के विक्रम एन्क्लेव में चाकूबाजी की घटना हुई थी। इसमें 21 वर्षीय मुस्ताख को सीमापुरी दिल्ली निवासी समीर उर्फ गट्टू ने चाकू मार दिया था। गंभीर रूप से घायल मुस्ताख को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी समीर फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए शालीमार गार्डन पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और उसकी लोकेशन तलाश रही थी।

चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पुलिस को लगातार आरोपी की क्षेत्र में मौजूदगी की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर 20 अगस्त को डीएवी कट के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान गाजियाबाद रोड की ओर से डीएलएफ की तरफ बाइक पर आते एक संदिग्ध युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। संदिग्ध ने चेकिंग टीम को देखकर बाइक मोड़ ली और टेलीफोन एक्सचेंज वाली गली में तेजी से भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। भागने के दौरान उसकी बाइक रास्ते में पड़े कूड़े के ढेर से टकराकर गिर गई।

बाइक गिरने के बाद आरोपी ने खुद को घिरता देखकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम समीर उर्फ गट्टू, निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और कमर में छिपाकर रखा गया चाकू बरामद हुआ। घायल आरोपी को उपचार के लिए एमएमजी अस्पताल भेजा गया।

आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

जांच में पुलिस को आरोपी का आपराधिक इतिहास भी मिला है। उसके खिलाफ शालीमार गार्डन थाने में बलवा और हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा अवैध गांजा बरामदगी से संबंधित मामला तथा हत्या का मुकदमा भी दर्ज पाया गया है। मुठभेड़, हथियार व चोरी के वाहन की बरामदगी के संबंध में भी संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Share This Article
Leave a comment