आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश शासन और गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के मार्गदर्शन में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा मधुबन बापूधाम आवासीय योजना के अंतर्गत 109 आवासीय भूखण्डों की ई-लॉटरी बुधवार को हिन्दी भवन में पारदर्शी एवं निष्पक्ष प्रक्रिया के तहत संपन्न कराई गई। ई-लॉटरी के माध्यम से सफल आवेदकों को उनके सपनों का आशियाना बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मिला। चयन की सूचना मोबाइल पर संदेश के माध्यम से तत्काल पहुंचने पर सफल आवेदकों के चेहरों पर खुशी और उत्साह दिखाई दिया।
मधुबन बापूधाम गाजियाबाद की प्रमुख आवासीय योजनाओं में शामिल है। योजना के तहत 40 से 200 वर्गमीटर तक के आवासीय भूखण्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कुल 350 आवासीय भूखण्डों के आवंटन की प्रक्रिया के तहत बुधवार को प्रथम चरण में टाइप ए, बी, सी और डी के 109 भूखण्डों की ई-लॉटरी कराई गई। इनमें 200 वर्गमीटर के टाइप ए के 24, 150 वर्गमीटर के टाइप बी के 49, 120 वर्गमीटर के टाइप सी के 24 और 115 वर्गमीटर के टाइप डी के 12 भूखण्ड शामिल हैं।
इन चारों श्रेणियों के 109 भूखण्डों के लिए कुल 16,478 आवेदन प्राप्त हुए थे। जांच के बाद इनमें 16,436 आवेदन पात्र पाए गए। सीमित संख्या में उपलब्ध भूखण्डों के लिए पात्र आवेदकों के बीच कम्प्यूटरीकृत ई-लॉटरी के माध्यम से पारदर्शी तरीके से चयन किया गया।
चयन होते ही मोबाइल पर पहुंचा आवंटन का संदेश
ई-लॉटरी प्रक्रिया की खास बात यह रही कि चयन होते ही सॉफ्टवेयर प्रणाली के माध्यम से सफल आवेदकों के मोबाइल फोन पर तत्काल संदेश भेजकर उन्हें आवंटन की जानकारी दी गई। ई-लॉटरी स्थल पर मौजूद कुछ सफल आवेदकों को भी मोबाइल पर चयन का संदेश प्राप्त हुआ। संदेश मिलते ही कई आवेदकों ने खुशी जाहिर की और इसे परिवार के लिए अपने घर के सपने की दिशा में बड़ा कदम बताया।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार सफल आवेदकों की आगामी औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद संबंधित भूखण्डों का स्थल पर कब्जा उपलब्ध कराने की कार्यवाही भी शीघ्र शुरू की जाएगी। ई-लॉटरी में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रक्रिया का सीधा प्रसारण गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के साथ हिंदुस्तान टाइम्स और हिंदुस्तान हिन्दी के आधिकारिक चैनलों पर भी किया गया।
20 अगस्त को होगी शेष 241 भूखंडों की ई-लॉटरी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/privacy-policy/
योजना के शेष 241 आवासीय भूखण्डों, यानी टाइप ई, एफ, जी और एच की ई-लॉटरी 20 अगस्त को होगी। इनकी ई-लॉटरी क्रमशः सुबह 11:30 बजे, दोपहर 12 बजे, 12:30 बजे और दोपहर एक बजे आयोजित की जाएगी। इसका भी सीधा प्रसारण किया जाएगा।
मधुबन बापूधाम योजना बेहतर संपर्क मार्गों और आधुनिक सुविधाओं के कारण गाजियाबाद की महत्वपूर्ण आवासीय योजनाओं में शामिल है। योजना के आसपास नमो भारत रैपिड रेल, हिंडन एलिवेटेड रोड, रेलवे ओवरब्रिज तथा विकसित भारत थीम पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं मौजूद हैं। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का कहना है कि पारदर्शी एवं जनहितकारी प्रक्रियाओं के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों के अपने घर के सपने को साकार करने की दिशा में कार्य जारी रहेगा।
