महज 20 रुपये के विवाद में 21 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
21-Year-Old Man Stabbed to Death Over a Mere ₹20 Dispute — IMAGE CREDIT TO पुलिस

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में महज 20 रुपये को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। नशे के लिए रुपये मांगने को लेकर हुए विवाद में एक 21 वर्षीय युवक मुस्ताख की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। मृतक मुस्ताख अपने परिचित युवक समीर उर्फ गुड्डू के संपर्क में था। समीर ने नशे के लिए मुस्ताख से 20 रुपये मांगे थे।

मुस्ताख ने रुपये देने से इनकार कर दिया

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

मुस्ताख ने रुपये देने से इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और समीर ने मुस्ताख पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के हमले में मुस्ताख गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखने को मिला। घटना की सूचना मिलने पर शालीमार गार्डन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे के परिचित थे। दोनों कूड़ा बिन्ने का काम किया करते थे।

परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और जल्द उसकी गिरफ्तारी का दावा किया गया है। घटना को लेकर स्थानीय पार्षद ने भी गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के माध्यम से उन्हें घटना की जानकारी मिली। महज 20 रुपये के विवाद में 21 साल के युवक की जान चले जाना बेहद गंभीर और दुखद है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पार्षद ने मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि परिवार में छोटे बच्चे हैं। ऐसे में परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और बच्चों की पढ़ाई की उचित व्यवस्था कराने की मांग की।

Share This Article
Leave a comment