ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रांगण में ध्वजारोहण समारोह उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ आयोजित किया गया। प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सौम्य श्रीवास्तव ने तिरंगा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आजादी हमें विरासत में मिली है, लेकिन राष्ट्र का निर्माण विरासत में नहीं मिलता। इसके लिए हर पीढ़ी को अपने हिस्से का योगदान देना होता है।
सुबह आठ बजे ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत हुआ। इसके पश्चात सभागार में संबोधन और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि प्राधिकरण शहरों का निर्माण करते हैं। आज बनाई जाने वाली सड़कों पर आने वाली पीढ़ियां चलेंगी। उद्योगों के लिए जमीन देने से केवल कारखाने नहीं लगते, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा होते हैं। आवासीय क्षेत्रों में केवल मकान नहीं बनते, बल्कि परिवार बसते हैं। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की फाइलें महज कागज नहीं हैं, बल्कि उनमें किसी का रोजगार, किसी के सपने और किसी परिवार का भविष्य जुड़ा होता है। संस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुभव और तकनीक के बीच तालमेल जरूरी है। इसके साथ ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही भी आवश्यक है। तिरंगे का सम्मान केवल सलामी देने में नहीं, बल्कि मिली जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाने में है।
टीम भावना से चुनौतियों का सामना करने पर जोर
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि सभी को आजादी के महत्व को समझना चाहिए। स्वतंत्रता सेनानियों के लंबे संघर्ष के बाद देश को आजादी मिली है और अब प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह देश को आगे बढ़ाने में योगदान दे। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण के सामने कई चुनौतियां हैं, जिनसे टीम भावना के साथ ही निपटा जा सकता है।
विशेष कार्याधिकारी अभिषेक पाठक ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया, जबकि विशेष कार्याधिकारी मुकेश कुमार सिंह ने कविता के माध्यम से देश के सामने मौजूद चुनौतियों को रेखांकित किया। सावित्रीबाई फुले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय के विद्यार्थियों ने वंदे मातरम् सहित विभिन्न देशभक्ति गीतों और प्रस्तुतियों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट कार्यालय में भी हुआ ध्वजारोहण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण कार्यालय में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी गुंजा सिंह और अन्य अधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। यहां भी देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समारोह में वित्त महाप्रबंधक स्वतंत्र गुप्ता, विशेष कार्याधिकारी लवनीत कौर, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, उप महाप्रबंधक विजय रावल, ग्रेटर नोएडा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सोनू भड़ाना सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विशेष कार्याधिकारी अर्चना द्विवेदी ने किया।
