हरिद्वार (शिखर समाचार) कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद हरिद्वार में मेला क्षेत्र, गंगा घाटों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर फैले कूड़े कचरे के निस्तारण के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों की ओर से शहर के अलग अलग क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान लगभग 30 टन से अधिक कूड़ा एकत्रित कर ट्रैक्टर ट्रॉलियों के माध्यम से उचित निस्तारण के लिए भेजा गया।
गंगा घाटों और प्रमुख क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान
अभियान के तहत बिरला घाट, रोड़ीबेलवाला मैदान, बैरागी कैंप, चमगादड़ टापू, लालजीवाला सहित विभिन्न गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई की गई। नगर निगम, जिला पंचायत, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, खंड विकास अधिकारियों, आपदा प्रबंधन विभाग, वन विभाग और शांतिकुंज के साथ विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं ने अभियान में सहभागिता की। सफाई के साथ लोगों को सार्वजनिक स्थानों और गंगा घाटों को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक भी किया गया।
700 से अधिक लोगों ने लिया अभियान में हिस्सा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि कांवड़ मेले के बाद फैली गंदगी को हटाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार के अभियान में 700 से अधिक लोगों ने भाग लिया, जिसमें शांतिकुंज के 350 से अधिक अनुयायी भी शामिल रहे। आपदा प्रबंधन विभाग, आईटीसी मिशन सुनहरा कल और श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम के कार्यकर्ताओं ने भी विभिन्न क्षेत्रों में सफाई की। वहीं नगर निगम और वन विभाग की टीमों ने बैरागी कैंप एवं लालजीवाला क्षेत्र में व्यापक सफाई अभियान चलाया। इस दौरान तिरंगा रैली भी निकाली गई। प्रशासन का लक्ष्य कांवड़ मेले के बाद पूरे मेला क्षेत्र, मार्गों और गंगा घाटों को स्वच्छ एवं साफ सुथरा बनाना है।
