——देश-विदेश के निवेशकों और खरीदारों के लिए आयोजन को आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनाने पर जोर
ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के चतुर्थ संस्करण को भव्य, सुव्यवस्थित और अधिक प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से सोमवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में प्रमुख सचिव, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग शशि भूषण लाल सुशील ने तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं युद्ध स्तर पर पूरी करने और आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
आयोजन की तैयारियों को युद्ध स्तर पर पूरा करने के निर्देश
समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अब तक की तैयारियों की जानकारी दी। प्रमुख सचिव ने कहा कि आयोजन में देश-विदेश से उद्यमी, निवेशक, खरीदार, प्रतिनिधि और आगंतुक पहुंचेंगे। ऐसे में आवागमन, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन, चिकित्सा, संकेतक और सूचना व्यवस्था समेत सभी आवश्यक सुविधाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो उत्तर प्रदेश की औद्योगिक, व्यापारिक, सांस्कृतिक और हस्तशिल्प क्षमता को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, एक जिला एक उत्पाद, हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, सेवा क्षेत्र तथा औद्योगिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने में सहायता मिल रही है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
डिजिटल और सोशल मीडिया के जरिए व्यापक प्रचार पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रमुख सचिव ने आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम, सामाजिक माध्यम, समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए अधिक से अधिक उद्यमियों, व्यापारियों, निवेशकों, निर्यातकों, शिक्षण संस्थानों और आमजन तक आयोजन की जानकारी पहुंचाई जाए। देश के अन्य राज्यों और विदेशों से संभावित खरीदारों एवं निवेशकों को जोड़ने के लिए लक्षित प्रचार अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
यातायात, पार्किंग और निवेश के अवसरों पर विशेष फोकस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
बैठक में ग्रेटर नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। प्रमुख सचिव ने संभावित यातायात दबाव वाले स्थानों को पहले से चिन्हित कर वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग, आवागमन और सार्वजनिक परिवहन की कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने कहा कि आयोजन केवल प्रदर्शनी तक सीमित न रहे, बल्कि व्यापारिक समझौतों, निवेश, निर्यात और नए बाजारों के अवसर पैदा करने वाला प्रभावी मंच बने।
प्रमुख सचिव ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग करते हुए सभी निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। बैठक में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, नगर मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
