पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने कांवड़ मार्ग व नांकेश्वर महादेव मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था परखी

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
The Police Commissioner and District Magistrate reviewed the security arrangements along the Kanwar route and at Nankeshwar Mahadev Temple. IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

——भंडारों में भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई जांचने के दिए निर्देश

रबूपुरा (शिखर समाचार)। कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सोमवार को पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों के साथ रबूपुरा क्षेत्र में सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने गांव भाईपुर स्थित प्राचीन नांकेश्वर महादेव शिव मंदिर परिसर का निरीक्षण करने के साथ कांवड़ मार्ग और श्रद्धालुओं के लिए लगाए जा रहे भंडारों की व्यवस्थाएं भी परखीं।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भंडारों में तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मंदिर समिति के सदस्यों और भंडारा संचालकों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न हो और भंडारों में साफ-सफाई की व्यवस्था नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। स्थानीय प्रशासन को भी श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य और सुविधा के मामले में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।

कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

पुलिस आयुक्त और जिलाधिकारी ने रबूपुरा थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों सहित कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त क्षेत्र से गुजर रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त रवि शंकर निम, पुलिस उपायुक्त साद मियां खान सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment