शामली (शिखर समाचार)। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव खेड़ी करमू में गुरुवार देर शाम एक महिला पर तेजाब फेंके जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोप है कि छेड़छाड़ के एक पुराने मुकदमे में नामजद पड़ोसी युवक ने रंजिश के चलते महिला पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, महिला मुस्कान शाम के समय अपने घर के बाहर कुत्ते को रोटी डालने के लिए निकली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले राहुल ने कथित रूप से उस पर अचानक तेजाब फेंक दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल भिजवाया।
छेड़छाड़ के मुकदमे को लेकर चल रही थी रंजिश
पीड़िता के पति का आरोप है कि लगभग एक वर्ष पूर्व भी आरोपी ने उनकी पत्नी के साथ छेड़छाड़ की थी, जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। उनका कहना है कि उसी रंजिश के कारण आरोपी ने इस गंभीर वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीमें
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
उधर, महिला का उपचार हायर सेंटर में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
